टिहरी गढ़वाल । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में आज प्रातः पुलिस लाइन चम्बा में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। “फिटनेस, अनुशासन एवं समर्पण” के साथ परेड में जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्ण ऊर्जा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परेड के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा शस्त्र अभ्यास, फुट ड्रिल एवं स्क्वाड ड्रिल का सटीक एवं प्रभावी प्रदर्शन किया गया, जिससे उनकी शारीरिक दक्षता, समन्वय एवं अनुशासन का उच्च स्तर परिलक्षित हुआ। जवानों को आधुनिक हथियारों के रख-रखाव, सुरक्षित संचालन एवं त्वरित उपयोग की तकनीकों का विस्तृत प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिसमें उनकी फुर्ती एवं तत्परता सराहनीय रही।
परेड उपरांत एसएसपी श्वेता चौबै द्वारा पुलिस लाइन चम्बा का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्वार्टर गार्द एवं आर्म एम्युनेशन का निरीक्षण कर शस्त्रों के रख-रखाव,सफाई सुरक्षा मानकों एवं अभिलेखों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया।
सीपीसी कैन्टीन में समस्त आवश्यक सामग्री को उपलब्ध कराने व परिवहन शाखा में वाहनों की फिटनेस व साफ सफाई का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिये।
साथ ही स्टोर का निरीक्षण कर सरकारी संपत्ति के संरक्षण एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
इस दौरान पुलिस कर्मियों की शारीरिक फिटनेस को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु जिम/व्यायामशाला का निरीक्षण किया गया तथा जनपद के सभी थानों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और अधिक सशक्त हो सके।
इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन स्थित भवन “152 जवान बैरक” का निरीक्षण कर साफ-सफाई, आवासीय सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जेटीसी (JTC) के प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
आगामी पुलिस प्रशिक्षण के दृष्टिगत आरटीसी सेंटर में बिजली, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कार देने की घोषणा की गई। एसएसपी महोदया द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




