टिहरी गढ़वाल, 26 अप्रैल 2026। चारधाम यात्रा के शुरू होते ही जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र पहुंचकर भद्रकाली से तपोवन चौकी तक स्थलीय निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों की स्थिति का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।यातायात संचालन को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन और CCTV कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, ताकि जाम या अव्यवस्था की स्थिति बनने से पहले ही त्वरित कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता, सतर्कता और तत्परता के साथ ड्यूटी करने को कहा गया।उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान टिहरी पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके। पुलिस द्वारा सतत निगरानी, सक्रिय ड्यूटी और समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जा रही है।




