सीएम धामी ने टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का किया वर्चुअल शुभारंभ , 19 टीमों के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट, टिहरी गढ़वाल में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पहली बार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य की खेल क्षमता और व्यवस्थागत दक्षता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ उत्तराखंड को साहसिक खेलों और पर्यटन की नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जन विश्वास बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना आवश्यक है। खेल अनुशासन, टीम भावना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता विकसित करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं तथा कई बार जीवन रक्षक साबित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता सिद्ध की है और राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन राज्य के विकास, पर्यटन संवर्धन और खेल प्रतिभाओं के उन्नयन में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल तथा एसएसपी श्वेता चौबे सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!