टिहरी गढ़वाल । जनपद के तीन विकासखंडों के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के स्टाफ एवं पदाधिकारियों हेतु व्यवसाय योजना, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग विषयों पर आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज सफलतापूर्वक हुआ।
प्रशिक्षण में तीनों विकासखंडों से लगभग 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।यह प्रशिक्षण ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना – ग्रामोत्थान (REAP) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो ग्राम्य विकास विभाग के तहत संचालित है तथा अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष (IFAD) द्वारा वित्त पोषित है।
कार्यक्रम का उद्देश्य CLF पदाधिकारियों की क्षमता का विकास कर ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को सशक्त बनाना रहा।प्रशिक्षण सत्र में ब्रांडिंग एवं मार्केट एक्सेस ट्रेनर तथा सस्टेनेबल अल्टरनेटिव्स के संस्थापक अध्यक्ष श्री अवनीश कुमार ने प्रतिभागियों को शासन व्यवस्था, व्यवसाय नियोजन, उत्पाद ब्रांडिंग, विपणन रणनीतियों तथा बाजार से जुड़ाव के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण उत्पादों को पहचान दिलाने के लिए प्रभावी ब्रांडिंग और उचित बाजार तक पहुंच अत्यंत आवश्यक है, तभी स्थानीय उद्यमों को स्थायी आय के अवसर मिल सकते हैं।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी चंबा श्री शाकिर हुसैन ने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम CLF पदाधिकारियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू कर ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने का आह्वान किया।प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस पर ग्रामोत्थान रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट (REAP), टिहरी गढ़वाल के जिला परियोजना प्रबंधक श्री ब्रह्मकांत भट्ट ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण नेतृत्व को सशक्त बनाने, स्थानीय उद्यमों को गति देने तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के अनुभवों को व्यवहार में उतारकर अपने संगठनों को नई दिशा देने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेश) श्री ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान तथा सहायक प्रबंधक (सेल्स) श्री मनमोहन सिंह चौहान की विशेष भूमिका रही। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।




