टिहरी गढ़वाल 13 सितम्बर। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत 16 सितंबर को भारत भ्रमण के लिए रवाना होंगे। कीर्तिनगर के स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शैक्षणिक दल से मुलाकात कर विद्यार्थियों से यात्रा की तैयारियों और अनुभवों को लेकर संवाद किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों से सीख लेकर अपने अनुभव साथियों से साझा करने का आह्वान किया।
विधायक विनोद कंडारी ने भारत दर्शन योजना के 10 वर्ष पूरे होने पर इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि योजना से विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को देश के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक स्थलों के साथ प्रमुख संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट लेखन के लिए कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
भारत दर्शन पर जाएंगे देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



