नई टिहरी/हल्द्वानी। प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की हल्द्वानी में सम्पन्न हुई सलाहकार समिति की बैठक में संगठन विस्तार एवं मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल को प्रशासनिक गढ़वाल मंडल क्षेत्र का “गढ़वाल संगठन सह प्रभारी” नामित किया गया।

इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दिनेश डोभाल के लंबे सांगठनिक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली तथा प्रशासनिक समन्वय क्षमता को देखते हुए संगठन हित में उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि डोभाल ने पूर्व में भी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है और उनके अनुभव का लाभ लगातार संगठन को मिलता रहा है।
प्रदेश महामंत्री ने विश्वास जताया कि दिनेश डोभाल नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ करेंगे तथा गढ़वाल मंडल की इकाइयों में नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती लाने का कार्य करेंगे।
हल्द्वानी से लौटने के दौरान हरिद्वार पहुंचने पर संगठन पदाधिकारियों ने दिनेश डोभाल एवं वरिष्ठ पदाधिकारी विष्णु शर्मा का शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
संगठन द्वारा दिनेश डोभाल को औपचारिक मनोनयन पत्र भी जारी कर दिया गया है।




