टिहरी गढ़वाल। जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल द्वारा 11 मई 2026 को जिला मुख्यालय नई टिहरी में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखण्ड प्रभारी कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम प्रातः 11 बजे बौराड़ी साईं चौक के निकट पार्किंग हॉल में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में दर्शन के बाद कुमारी शैलजा नई टिहरी पहुंचकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेंगी।सम्मेलन के दौरान भाजपा सरकार के पिछले 9 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए जाएंगे। कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर अपने आंदोलन को और तेज करने की रणनीति बनाएगी। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभियान का भी आगाज किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व इस सम्मेलन के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर देगा।जिला कांग्रेस ने सभी पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




