टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में दिनांक 05 अप्रैल 2026 को महिला साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाना था।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री यशवंत सिंह खत्री ,चौकी प्रभारी जाजल (टि.ग.) उपस्थित रहे साथ ही एस.आई. दीपिका तिवारी , महिला हेल्पलाइन प्रभारी नरेन्द्र नगर टिहरी गढ़वाल भी कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। इनके साथ में हेड कांस्टेबल श्रीमती कमला जुगराण व श्री राकेश छाबड़ी भी उपस्थित रहे।मुख्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में छात्राओं को साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया दुरुपयोग, हैकिंग आदि से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, मजबूत पासवर्ड बनाने, अनजान लिंक से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर निरंजना शर्मा द्वारा की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक छात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजिका डॉ ईरा सिंह, कार्यक्रम अधिकारी, महिला उत्पीड़न समिति द्वारा किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त छात्र-छात्राएं एवं महिला प्राध्यापिकाए व समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं दैनिक जीवन सुरक्षा के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने जिज्ञासावश साइबर अपराध से संबंधित कई सवाल भी पूछे जिनका निदान पुलिस महिला हैल्पलाइन प्रभारी द्वारा दिया गया।




