खटीमा। Pushkar Singh Dhami ने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग ₹89 लाख की लागत से तैयार विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने ₹55 लाख की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, ₹7.50 लाख की लागत से आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा ₹26.50 लाख की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी तथा शिक्षा और विकास की नई संभावनाओं को गति देंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पुस्तकालय छात्रों को शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण प्रदान करेगा, जिससे वे अपने लक्ष्यों को निर्धारित कर बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में यह लाइब्रेरी उनके लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकें और अध्ययन सामग्री युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा एवं अन्य शैक्षणिक अवसरों के लिए बेहतर तैयारी का मंच प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय केवल किताबों का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण को भी मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों और बेहतर सुविधाओं से युक्त यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है।
उन्होंने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत रहेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, पंकज उपाध्याय, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खटीमा में मुख्यमंत्री ने किया ₹89 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



