आईटीआई नई टिहरी में दीक्षांत समारोह आयोजित, प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
टिहरी गढ़वाल 24 नवंबर। तकनीकी कौशल आज के दौर में युवाओं के लिए रोजगार ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का भी सशक्त माध्यम बन रहा है। युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित रहने के बजाय अपने हुनर को तराशने और व्यावहारिक दक्षता हासिल करने पर जोर देना चाहिए। यह बात टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नई टिहरी में आयोजित दीक्षांत समारोह में कही।
समारोह में प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र पाकर प्रशिक्षार्थियों के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि बदलते दौर में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर भी प्रदान करती है। सफलता के लिए शैक्षिक योग्यता के साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और काम के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से सीखे गए हुनर का निरंतर विकास करने और नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वरोजगार की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।
संस्थान के प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए संस्थान की प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्धियों और तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान से प्राप्त प्रशिक्षण और कौशल प्रशिक्षार्थियों को भविष्य में रोजगार के अवसर हासिल करने में मददगार साबित होंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, कोषाधिकारी अंजली और सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा संस्थान के कार्मिक भुवनेश्वर प्रसाद, राजकुमार, सुनील चौहान, ओम प्रकाश उनियाल, विकास चन्द्र, कुलदीप रावत, मंजुला रावत, सरस्वती सुयाल, विनोद कुमार बडोनी, शिल्पी शर्मा, शिवानी पंवार, उमाशंकर सेमवाल, अजय कुमार टम्टा, किशोर कुमार कोठारी और रविन्द्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




