तस्करी के शिकार वन्यजीवों की स्वदेश वापसी, उपचार और प्राकृतिक आवास में पुनर्वास में करेगा सहयोग
जामनगर, 24 नवंबर। वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में वनतारा ने मेडागास्कर सरकार के साथ 10 साल का समझौता किया है। इसके तहत विदेशों में जब्त मेडागास्कर के वन्यजीवों को उनके मूल देश वापस लाने, उनका उपचार करने और अनुकूल परिस्थितियों में प्राकृतिक आवास में छोड़ने में मदद की जाएगी।
समझौते के तहत वनतारा वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित परिवहन, वैज्ञानिक अनुसंधान और संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सहयोग करेगा। साथ ही मेडागास्कर के स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण में भी सहयोग की संभावना है। वन्यजीवों को प्राकृतिक आवास में छोड़ने का अंतिम निर्णय मेडागास्कर सरकार का होगा।
अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के अनुसार, मेडागास्कर में पाई जाने वाली लीमर की लगभग 90 प्रतिशत प्रजातियां विलुप्ति के खतरे का सामना कर रही हैं। प्राकृतिक आवास का नुकसान और अवैध वन्यजीव तस्करी इनके अस्तित्व के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा कि इन प्रजातियों का उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षण दस वर्षीय रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। संस्था का उद्देश्य वन्यजीवों के मूल देशों में संरक्षण के लिए कार्य कर रहे विशेषज्ञों और संस्थाओं को मजबूत करना है।




