अंकिता को न्याय दिलाने के लिए 26 नवंबर को लोकभवन देहरादून कूच करेगी कांग्रेस

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी से एक हजार से अधिक कार्यकर्ता होंगे शामिल, शैलजा और गणेश गोदियाल करेंगे नेतृत्व

टिहरी गढ़वाल। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और प्रदेश सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस 26 नवंबर को देहरादून में लोकभवन तक पैदल मार्च करेगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रस्तावित इस मार्च में टिहरी जनपद से एक हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों के शामिल होने का दावा किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्रियों रेखा आर्य, गणेश जोशी एवं धन सिंह रावत के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में 26 नवंबर को देहरादून कूच का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी ब्लॉक, नगर एवं संगठन पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खंडवाल ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय को लेकर प्रदेश की जनता में आक्रोश है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने और प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
खंडवाल ने बताया कि 26 नवंबर को सुबह 10 बजे देहरादून में लोकभवन तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार को हटाने की मांग की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी और जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देगी।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!