टिहरी गढ़वाल, 2 मई । महिला कांग्रेस टिहरी ने आज जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए ‘महिला आरक्षण अधिनियम 2023’ को तत्काल लागू करने और उसमें SC, ST व OBC वर्ग की महिलाओं के लिए अलग कोटा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्षा आशा रावत ने किया।“महिला आरक्षण: आज दो, अभी दो” अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने Narendra Modi को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया और पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से अपनी मांगों को सीधे केंद्र सरकार तक पहुंचाया।
जिलाध्यक्षा आशा रावत ने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण की बात तो करती है, लेकिन इसे लागू करने में अनावश्यक देरी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की कि आरक्षण में पिछड़े वर्गों की महिलाओं—विशेष रूप से SC, ST और OBC—की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं को भी समान अवसर मिल सके।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और समान भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीमा कृषाली, शगुफ्ता प्रवीन, अनिता, अनिता शाह, सोनू नवाल सहित जिला कांग्रेस कमेटी की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।




