ऋषिकेश, दिनांक 16 सितंबर 2026। SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम द्वारा आज होटल आनंद काशी, शिवपुरी में होटल के कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान SDRF टीम द्वारा कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार (First Aid), CPR, आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षित निकासी, भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, गले में भोजन या अन्य वस्तु फंसने (Choking) की स्थिति में प्राथमिक सहायता तथा घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से मूव करने एवं लिफ्टिंग की जानकारी दी गई। कर्मचारियों को आपदा के समय घबराने के बजाय शांत रहकर सही तरीके से राहत एवं बचाव कार्य करने के महत्वपूर्ण तरीकों के बारे में भी समझाया गया।
इसके साथ ही होटल में आग लगने जैसी आपात स्थिति में होटल में मौजूद मेहमानों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने, सुरक्षित मार्ग का चयन करने तथा उपलब्ध अग्निशमन एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। SDRF टीम द्वारा विभिन्न रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी, उनके उपयोग एवं आपदा के समय उनकी उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
चूंकि होटल आनंद काशी गंगा नदी के समीप स्थित है, इसलिए प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से जल सुरक्षा एवं नदी संबंधी दुर्घटनाओं के बारे में जागरूक किया गया। होटल में ठहरने वाले पर्यटक एवं गेस्ट गंगा नदी की ओर जा सकते हैं, ऐसे में उन्हें नदी के तेज बहाव, गहरे पानी एवं अचानक बढ़ते जलस्तर से होने वाले खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।
SDRF टीम द्वारा कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति गंगा नदी में बह जाता है अथवा डूबने की स्थिति में आ जाता है, तो बिना सुरक्षा उपायों के स्वयं नदी में उतरने के बजाय तत्काल पुलिस/SDRF को सूचना दें, सुरक्षित स्थान से सहायता उपलब्ध कराएं तथा उपलब्ध बचाव संसाधनों का सही तरीके से प्रयोग करें। नदी के किनारे पर्यटकों को अनावश्यक जोखिम न लेने और चेतावनी वाले स्थानों पर न जाने के लिए जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान होटल के कर्मचारियों ने SDRF टीम द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना, समझा तथा आपदा की विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली बचाव प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण में सक्रिय रुचि दिखाई गई तथा आपातकालीन परिस्थितियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी भी प्राप्त की गई। इस दौरान होटल के मैनेजर विपुल चौधरी एवं होटल सिक्योरिटी इंचार्ज मनीष कुमार भी मौजूद रहे ।
SDRF टीम ने कहा कि आपदा के समय सही जानकारी, समय पर लिया गया निर्णय और प्राथमिक बचाव कौशल किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से होटल, स्कूल, संस्थानों एवं अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव के प्रति प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण टीम में एस आई सुरेंद्र सिंह, सुमित नेगी, पंकज सिंह और राहुल कुमार शामिल रहे।




