देहरादून 30 मई । शिवालिक कालेज आफ इंजीनियरिंग विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के उद्देश्य से “विकसित भारत 2047” विषय पर एक भव्य विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता प्राप्त करना है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें नवाचार, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
संगोष्ठी में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, सनातन मूल्यों एवं आधुनिक तकनीकी विकास के समन्वय को विकसित भारत की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि देश के गांवों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाए बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह ने रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और सामाजिक एकता को विकसित भारत के प्रमुख स्तंभ बताया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की विचार संगोष्ठियां राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रोफेसर राजीव आहूजा निदेशक आईआईटी रोपर, प्रोफेसर प्रकाश सिंह कुलपति एच एन बी केन्द्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय , वीर माधो सिंह टैक्निकल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ तृप्ता ठाकुर , सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
“विकसित भारत 2047 केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है, जिसे जनभागीदारी और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से अवश्य प्राप्त किया जाएगा।”




