समारोह में नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज, अध्यक्ष सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन तथा मसूरी विधानसभा के पूर्व विधायक श्री जोत सिंह गुनसोला भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने गढ़वाल की प्राकृतिक सुंदरता, उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, बोली-भाषा, साहित्यिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल यहां के पर्वतीय सौंदर्य और प्राकृतिक संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की लोकभाषाएं, लोकगीत, लोकसाहित्य और सांस्कृतिक परंपराएं भी हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
स्वामी रसिक महाराज ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि गढ़वाल की देवभूमि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध परंपराओं, लोकभाषा और आध्यात्मिक चेतना के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखती है। साहित्य एवं स्मारिका प्रकाशन के माध्यम से इस विरासत को संरक्षित करने का प्रयास सराहनीय है।
मुख्य अतिथि बंशीधर तिवारी सहित अन्य अतिथियों ने भी स्मारिका के प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे साहित्य और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक श्री शूरवीर सिंह भंडारी ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों, गद्यकारों, पत्रकारों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह आयोजन सफल एवं यादगार बना है।
समारोह का समापन आत्मीय वातावरण में हुआ। अंत में उपस्थित अतिथियों, साहित्यकारों एवं पत्रकारों ने चाय-पकौड़ों के साथ प्रसाद ग्रहण किया और आपसी सौहार्द के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।




