टिहरी गढ़वाल, 04 जून 2026। उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन ने गुरुवार को टिहरी झील क्षेत्र का भ्रमण कर पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोटी-जाख-डोबरा पुल तक निर्माणाधीन पर्यटन सड़क तथा डोबरा पुल क्षेत्र में पर्यटन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे इको पार्क के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य सचिव को टिहरी झील क्षेत्र में प्रस्तावित पर्यटन विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि क्षेत्र में सतत, समावेशी एवं जलवायु-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग ₹1,294 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना प्रस्तावित की गई है। इस परियोजना के माध्यम से टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना के अंतर्गत डोबरा चांटी, तिवाड़ गांव, कोटी कॉलोनी, नई टिहरी, मदन नेगी एवं लेक क्लस्टर सहित कुल छह पर्यटन क्लस्टरों का समग्र विकास किया जाएगा। इन क्लस्टरों में पर्यटन अवसंरचना, पर्यटक सुविधाओं, साहसिक पर्यटन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय संस्कृति एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न कार्य प्रस्तावित हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि टिहरी झील क्षेत्र राज्य की महत्वपूर्ण पर्यटन धरोहर है और इसके सुनियोजित विकास से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा विकास कार्यों में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए।




