Ad image

200 मुर्गियों से शुरू हुआ सफर, आज सुमन देवी को दिला रहा 18 हजार रुपये तक की मासिक आय

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

चमोली 22 जून 2026 । चमोली जनपद के विकासखंड दशोली के ग्राम सलना रैंतोली निवासी श्रीमती सुमन देवी ने पोल्ट्री पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। जय माँ भगवती स्वयं सहायता समूह, एकता ग्राम संगठन एवं बिरही गंगा सीएलएफ से जुड़ी श्रीमती सुमन देवी वर्तमान में मदर यूनिट (पोल्ट्री पालन) व्यक्तिगत उद्यम का सफल संचालन कर रही हैं।

उन्होंने कुल ₹2.50 लाख की लागत से इस उद्यम की स्थापना की, जिसमें रीप परियोजना के माध्यम से ₹75 हजार की सहायता, ₹1.25 लाख का बैंक ऋण तथा ₹50 हजार का स्वयं का अंशदान शामिल है। परियोजना से प्राप्त वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग ने उनके व्यवसाय को मजबूती प्रदान की है।

वर्तमान में उनकी पोल्ट्री इकाई में लगभग 200 मुर्गियां हैं, जिनसे प्रतिदिन अंडा उत्पादन किया जा रहा है। अंडों की बिक्री से उन्हें प्रतिदिन लगभग ₹600 की आय प्राप्त हो रही है, जबकि इस व्यवसाय से उनकी मासिक आय ₹15 हजार से ₹18 हजार तक पहुंच गई है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है तथा जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

श्रीमती सुमन देवी बताती हैं कि रीप परियोजना से मिले सहयोग ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया। नियमित आय से परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति सुचारू रूप से हो रही है और अब वे अपने व्यवसाय का विस्तार करने की दिशा में भी कार्य कर रही हैं।

उनका कहना है कि यदि महिलाओं को उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!