बोले– जमीन, बजट और डीपीआर के बिना मेडिकल कॉलेज की घोषणा महज चुनावी वादा
टिहरी गढ़वाल। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। यूकेडी अध्यक्ष डीडी पंत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर पिछले करीब तीन महीनों से आंदोलन जारी है। क्षेत्र की जनता की इस मांग के साथ उत्तराखंड क्रांति दल मजबूती से खड़ा है।
डीडी पंत ने सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज को लेकर की जा रही घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए इन्हें चुनावी जुमला करार दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए अभी तक जमीन सरकार के नाम दर्ज नहीं है, न ही परियोजना के लिए कोई ठोस वित्तीय स्वीकृति दी गई है और न ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में केवल घोषणाओं से मेडिकल कॉलेज का निर्माण संभव नहीं है।




