व्यापार मंडल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन, प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
टिहरी गढ़वाल। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै का चंबा नगर पहुंचने पर व्यापार मंडल और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। दीपावली के अवसर पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक शामिल हुए। सुमन चौक पर एकत्रित लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद दिनेश धनै ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नगर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर व्यापारियों से सीधा संवाद किया। करीब दो घंटे तक चले इस संपर्क कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छोटे-बड़े व्यापारियों, पर्यावरण मित्रों और जनसरोकारों से जुड़े लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनका कुशलक्षेम जाना।
बाद में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में दिनेश धनै ने प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने दीपावली के अवसर पर मिले स्नेह और सम्मान के लिए व्यापारियों, कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों का आभार जताया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री, वीरेंद्र सेमवाल, पूर्ण चंद रमोला, शिव प्रसाद उनियाल, सुशील रमोला, सत्यपाल गुसाईं, कृष्णा महंगाई, चंदन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’




