टिहरी गढ़वाल 15 जून। आज नवदुर्गा मंदिर बौराड़ी में पंडित संजय ढौंडियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी नवम्बर माह में अष्टोत्तर श्रीमद्भागवत पुराण के आयोजन का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन भी किया गया।
बैठक में सनातन धर्म शक्ति पीठ दुर्गा मंदिर समिति नई टिहरी के व्यवस्थापक पंडित राजेंद्र प्रसाद चमोली ने कहा कि ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य ब्रह्मलीन स्वामी माधवाश्रम जी महाराज की स्मृति में सनातन धर्म शक्ति पीठ दुर्गा मंदिर समिति एवं भक्तजनों के सहयोग से आगामी नवम्बर माह में 10 से 17 नवंबर तक अष्टोत्तर श्रीमद्भागवत पुराण का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वामी माधवाश्रम जी ने जीवनभर गौ, गंगा, गीता और सनातन धर्म के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
बैठक में उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक समिति गठित की गई। गठित समिति में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत को संरक्षक, खेम सिंह चौहान को अध्यक्ष, देवेन्द्र नौडियाल, उदय रावत, डॉ. जे.पी. बहुगुणा एवं जनार्दन ध्यानी को उपाध्यक्ष, पंडित राजेंद्र प्रसाद चमोली को प्रचार सचिव, गोविन्द पुंडीर को मीडिया प्रभारी, सतीश थपलियाल को सचिव, धनेश चन्द सोनी को उप सचिव तथा सूरत सिंह राणा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। नगर पालिका टिहरी के सभी सभासदों को भी समिति में शामिल किया गया है।
बैठक में पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, पंडित राजेंद्र चमोली, रामलीला समिति अध्यक्ष देवेन्द्र नौडियाल, सीताराम भट्ट, कपूर सिंह पंवार, केदार सिंह, गोविन्द पुंडीर, आनंद सिंह तोपवाल, खुशबीर चौहान, प्रकाश चन्द्र भट्ट, धनेश चन्द सोनी सहित कई गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बैठक में आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी नगरवासियों और भक्तजनों से सहयोग का आह्वान किया गया।




