ऋषिकेश। सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने ऋषिकेश के व्यापारी अंकित गुप्ता द्वारा उत्तराखण्ड के लोगों के प्रति की गई कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़े शब्दों में निन्दा की है।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है और यहां के लोगों ने सदैव देश, धर्म एवं संस्कृति की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। किसी भी व्यक्ति द्वारा उत्तराखण्ड की जनता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी सामाजिक सौहार्द एवं क्षेत्रीय सम्मान को आहत करने वाली है।
स्वामी रसिक महाराज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापारी अंकित गुप्ता सार्वजनिक रूप से उत्तराखण्ड की जनता से क्षमा नहीं मांगते हैं तो उनके विरुद्ध मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के स्वाभिमान और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी क्षेत्र, समाज अथवा समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके।
स्वामी रसिक महाराज ने उत्तराखण्डवासियों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से ही ऐसे मामलों का समाधान किया जाना चाहिए।
ज्ञातव्य हो कि ऋषिकेश के व्यापारी अंकित गुप्ता ने कर्ण प्रयाग में सिक्ख यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों के बीच परसों हुए विवाद पर सोशल मीडिया फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी कर दी थी।




