Ad image

पर्वतीय क्षेत्रों में पांचवीं अनुसूची और ट्राइब स्टेटस की मांग तेज, 22 नवंबर को देहरादून में होगी विशाल जनसभा

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 19 जून । उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पांचवीं अनुसूची (5th Schedule) लागू करने एवं मूल निवासियों को ट्राइब स्टेटस देने की मांग को लेकर उत्तराखंड एकता मंच ने आंदोलन तेज कर दिया है। न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंच के संयोजक अनूप बिष्ट ने बताया कि इस मांग को लेकर 22 नवंबर को सुबह 11 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर पर्वतीय क्षेत्रों के लिए पांचवीं अनुसूची लागू करने और ट्राइब स्टेटस प्रदान करने की मांग की जाएगी।

श्री अनूप बिष्ट ने बताया कि गढ़-कुमाऊं यात्रा 4 जून 2026 को खटीमा से प्रारंभ हुई थी, जो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वर्तमान में गढ़वाल मंडल के भ्रमण पर है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को पांचवीं अनुसूची और ट्राइब स्टेटस की मांग के प्रति जागरूक करना तथा जनसमर्थन जुटाना है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक दस्तावेजों के आधार पर पर्वतीय क्षेत्रों में पांचवीं अनुसूची लागू करने की मांग उठाई जा रही है।

उनका कहना है कि आजादी से पूर्व शेड्यूल डिस्ट्रिक्ट एक्ट-1874 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के आधार पर कई स्थानों को बाद में ट्राइब स्टेटस एवं संवैधानिक सुरक्षा प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कुमाऊं वन पंचायत अधिनियम-1931 एवं राजस्व पुलिस (पटवारी) व्यवस्था जैसे विशेष प्रावधान लागू रहे हैं, जो यहां की विशिष्ट भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां, सीमित संसाधन, पारंपरिक जीवनशैली, संस्कृति और लोक परंपराएं यहां की अलग पहचान हैं। मंच के अनुसार पांचवीं अनुसूची और ट्राइब स्टेटस लागू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, शिक्षा में सुविधाएं, संस्कृति एवं भाषाओं का संरक्षण, जल-जंगल-जमीन पर स्थानीय समुदायों की भागीदारी और ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
वक्ताओं ने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार को विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजनी होगी, जिसके बाद संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई संभव होगी।
प्रेस वार्ता में उत्तराखंड एकता मंच के गढ़वाल मंडल संयोजक प्रदीप जोशी, अनिल उप्रेती, जगजीत सिंह नेगी, नई टिहरी व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, डॉ. यू.एस. नेगी, कुलदीप पंवार, त्रिलोक चंद रमोला, भगवान चंद रमोला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!