टिहरी गढ़वाल, 3 जून। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित 25 दिवसीय ‘मिशन शक्ति’ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों से चयनित 30 छात्राओं को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा जीवन कौशल से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह शिविर 3 जून से 27 जून तक आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीजीएम टिहरी कॉम्प्लेक्स श्री आर.आर. सेमवाल ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने बताया कि सीएसआर के तहत संचालित इस पहल में छात्राओं के कौशल विकास, स्वच्छता, सामान्य ज्ञान एवं व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी द्वारा पूर्व में भी विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रबंधन, सीएमडी एवं सीएसआर विभाग का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जीएम (एस एंड ई/सीएसआर) एच.के. जिंदल ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास को पहचानने तथा निखारने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आगामी 25 दिनों में छात्राएं अध्ययन के साथ-साथ खेलकूद, स्वास्थ्य जागरूकता, जीवन जीने की कला, डिजिटल तकनीक और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेंगी।
उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि दुनिया में कोई भी सपना छोटा नहीं होता। यदि दृढ़ संकल्प और मेहनत हो तो प्रत्येक लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से नई चीजें सीखने, जिज्ञासु बने रहने और बिना किसी झिझक के प्रशिक्षकों से प्रश्न पूछने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर डॉ. सच्ची नेगी एवं आयुषी ने बताया कि शिविर के लिए विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 6 की 30 छात्राओं का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आयु सीखने और व्यक्तित्व निर्माण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता, योग, खेलकूद, सामान्य ज्ञान तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों का पौधा एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही चयनित 30 छात्राओं को प्रशिक्षण किट वितरित की गई।
इस अवसर पर डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल, विपिन सकलानी, दीपक उनियाल, एम.एस. राणा, के.एस. पंवार, डॉ. सच्ची नेगी, आयुषी सहित टीएचडीसी के अधिकारी, विद्यालय प्रतिनिधि एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




