द टाईटंस ने टिहरी टाईगर्स को 13 रन से हराया, दिव्यांशु चौधरी बने प्लेयर ऑफ द मैच

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल । डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विचार मंच, टिहरी एवं सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में आयोजित तृतीय कलाम कप अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत लामरीधार मैदान में खेले गए रोमांचक मुकाबले में द टाईटंस ने टिहरी टाईगर्स को 13 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
मैच का शुभारंभ क्षेत्र के वरिष्ठ पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी एवं समाजसेवी कमल चंद्र ने रिबन काटकर किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा टॉस भी कराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए द टाईटंस ने निर्धारित 25 ओवर में 8 विकेट खोकर 150 रन बनाए। टीम की ओर से शुशांत ने 30 रन (4 चौकों सहित) की शानदार पारी खेली। दिव्यांशु चौधरी ने 17 और जय ने 12 रन का योगदान दिया। टिहरी टाईगर्स की ओर से गौरव सिंह और अनिरुद्ध ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दिव्यांशु और मयंक को एक-एक सफलता मिली।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टिहरी टाईगर्स की शुरुआत शानदार रही। टीम ने शुरुआती 8 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 62 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अंतिम दो विकेट शेष रहते टीम को जीत के लिए 46 रन चाहिए थे। नौवें विकेट की साझेदारी में जुझारू बल्लेबाजी करते हुए 32 रन जोड़े गए, लेकिन टीम लक्ष्य से 13 रन दूर रह गई।
टिहरी टाईगर्स की ओर से प्रियांशु थपलियाल ने 23, अथर्व ने 18, कप्तान अनिरुद्ध ने 15 और प्रियांशु रतूड़ी ने 11 रन बनाए। द टाईटंस की ओर से कप्तान दिव्यांशु चौधरी, निखिल सिंह और अंशुमन ने दो-दो विकेट झटके।
हरफनमौला प्रदर्शन के लिए दिव्यांशु चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस अवसर पर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशद आलम ने कहा कि लामरीधार मैदान में वर्षों तक कई प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में लेदर बॉल क्रिकेट का दायरा लगातार सिमटता जा रहा है और ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
मौके पर मंच के प्रदेश सचिव राजेश नेगी, अर्जुन, गौरव, आकाश, संजय बिष्ट, अंपायर पियूष सिंह एवं रमन पालीवाल, आयोजक रोहित, फहाद शेख, संजय घिल्डियाल, सुजीत, विकास गुसाईं, वसीम सिद्दीकी सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!