Ad image

उत्तराखण्ड के पारम्परिक बाल खेल एवं बाल साहित्य हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर

Govind Pundir
5 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

देहरादून 10 जून 2026। विगत दिवस दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से आज उत्तराखण्ड के वरिष्ठ साहित्यकार एवं शोधकर्ता डॉ. सुरेन्द्र दत्त सेमल्टी की दो महत्वपूर्ण कृतियों—‘उत्तराखण्ड का पारम्परिक बाल साहित्य’ तथा ‘उत्तराखण्ड के पारम्परिक बाल मनोरंजन व खेल’—पर एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों तथा संस्कृति प्रेमियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए इन पुस्तकों को उत्तराखण्ड की लोकसांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।

इस अवसर पर बाल मनोविज्ञानी अंबरीश बिष्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारम्परिक समाज में बच्चों का जीवन प्रकृति, लोकसंस्कृति, परिवार और सामुदायिक जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ था। उस समय मनोरंजन के साधन मोबाइल, टेलीविजन अथवा डिजिटल माध्यम नहीं, बल्कि लोकगीत, लोककथाएँ, लोरियाँ, पहेलियाँ, मेले, पर्व-त्योहार तथा विविध पारम्परिक खेल हुआ करते थे। ये गतिविधियाँ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं थीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक संस्कार, नेतृत्व क्षमता, सहयोग भावना और रचनात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं।

वरिष्ठ साहित्यकार महाबीर रवांल्टा ने कहा कि डॉ. सेमल्टी ने अपने व्यापक अध्ययन, क्षेत्रीय भ्रमण तथा जनसंपर्क के माध्यम से उन पारम्परिक खेलों, लोकगीतों और बाल साहित्यिक परम्पराओं का संकलन किया है, जो समय के साथ विलुप्त होने की कगार पर पहुँच रही हैं। उनकी पुस्तकें उत्तराखण्ड की लोकस्मृति, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक जीवन के महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में सामने आती हैं।

प्रो. अल्का मोहन शर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में जब बच्चे अपनी जड़ों और स्थानीय सांस्कृतिक परिवेश से दूर होते जा रहे हैं, तब ऐसी पुस्तकों का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

प्रो गुड्डी बिष्ट ने कहा कि बाल साहित्य बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ उनके बौद्धिक, भावनात्मक और नैतिक विकास का प्रभावी माध्यम है। स्थानीय बोली-भाषाओं और लोकपरम्पराओं पर आधारित साहित्य बच्चों को अपनी संस्कृति और सामाजिक परिवेश से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। पुस्तक में लोरियों, बालगीतों, लोककथाओं, पहेलियों, संस्कारपरक साहित्य तथा प्रकृति एवं पर्व-त्योहारों से जुड़े साहित्यिक रूपों का समृद्ध संकलन प्रस्तुत किया गया है।

वक्ताओं द्वारा कहा गया कि ‘उत्तराखण्ड के पारम्परिक बाल मनोरंजन व खेल’ पुस्तक बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़े उन खेलों का दस्तावेज है, जिनमें किसी महंगे साधन की आवश्यकता नहीं होती थी। स्थानीय संसाधनों पर आधारित ये खेल बच्चों में सामूहिकता, निर्णय क्षमता, अनुशासन और सृजनात्मकता का विकास करते थे।इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों ने डॉ. सुरेन्द्र दत्त सेमल्टी के इस श्रमसाध्य और दूरदर्शी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दोनों पुस्तकें आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण स्रोत सिद्ध होंगी। उन्होंने विद्यालयों, पुस्तकालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में इन पुस्तकों को उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया।ज्ञातव्य है कि इन दोनों पुस्तकों का प्रकाशन समय साक्ष्य, देहरादून द्वारा किया गया है । संचालक ज्योत्सना जोशी ने किया ।

कार्यक्रम का आयोजन दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से किया गया, जिसमें लेखक, साहित्यकार, शोधार्थी तथा अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्तराखण्ड की लोकसांस्कृतिक परम्पराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर रानू बिष्ट, डॉ.सूरज पंवार , के.आर.उनियाल ,रमाकांत बेंजवाल, ओमप्रकाश सेमवाल, दयासागर उनियाल , शालू जोशी , कांता घिल्डियाल, बीना बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, प्रवीन भट्ट, देवेन्द्र कांडपाल, कल्याण बुटोला, डॉ. डी. के. पाण्डे, डॉ. लालता प्रसाद, डॉ. इन्द्रजीत सिंह, एसपी सेमल्टी,आलोक सरीन सत्यानंद बडोनी, जगदीश सिंह महर, अभिषेक मैन्दोला, दीपक शर्मा , मुकेश भट्ट , वैभवी पंवार , श्रीमती अनीता शर्मा , श्रीमती रीना उनियाल , प्रेम पंचोली , डॉ.पवन कुदवान , हरिचंद निमेष , ज्योति प्रसाद भट्ट सहित कई लेखक, साहित्यकार व साहित्य प्रेमी उपस्थित थे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!