टिहरी गढ़वाल 2 जुलाई 2026 । प्रदेशभर के साथ जनपद टिहरी गढ़वाल में भी गुरुवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, संचार व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से सभी जनपदों की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभागों को सदैव अलर्ट रहना होगा। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल आपदा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी मजबूत करती है और समयबद्ध कार्रवाई से जन-धन की हानि को कम किया जा सकता है।
आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने मानसून के दौरान सभी विभागों से पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि मॉक ड्रिल के तहत घनसाली के जखन्याली में बादल फटना व भूस्खलन, देवप्रयाग में एनएच-07 पर सड़क दुर्घटना, बगड़धार और स्यांसू में मार्ग अवरुद्ध होने तथा टिहरी डैम से अतिरिक्त जल निकासी जैसी काल्पनिक आपदा स्थितियों पर राहत एवं बचाव अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, जल संस्थान, नगर निकाय, शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों ने भाग लिया। इस दौरान एसएसपी श्वेता चौबे, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एएसपी दीपक कुमार, एसडीएम कमलेश मेहता, सीआईएसएफ के प्रतिनिधि एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश सहित अन्य अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।




