टिहरी गढ़वाल । जनपद की नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, विभागीय अभिलेखों, पत्रावलियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने शाखा प्रभारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी ली। साथ ही लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने तथा विभागीय कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली प्रभावी, पारदर्शी और जनहित केंद्रित होनी चाहिए, ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकें।




