साझा मॉनिटरिंग टूल विकसित करने की दिशा में मिली महत्वपूर्ण सफलता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
टिहरी गढ़वाल 31 जुलाई। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तराखण्ड एवं स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इंस्टीट्यूशनल स्ट्रेंथनिंग प्रोग्राम (आईएसपी) के अंतर्गत डायट टिहरी में आयोजित चार दिवसीय ‘मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग’ कार्यशाला का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यशाला में गढ़वाल मंडल के सात जनपदों के डायट प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य, प्रवक्ता, बीआरपी एवं सीआरपी ने प्रतिभाग किया। चार दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने जनपदों में अपनाए जा रहे मॉनिटरिंग टूल्स एवं मेंटरिंग प्रक्रियाओं को साझा किया। सामूहिक विचार-विमर्श एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से उत्तराखण्ड के लिए एक साझा (कॉमन) मॉनिटरिंग टूल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई।
समापन समारोह में एससीईआरटी उत्तराखण्ड के सहायक निदेशक डॉ. के.एन. बिजल्वाण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रभावी मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यशाला से प्राप्त अनुभवों को विद्यालयी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यशाला के शैक्षणिक संचालन में एससीईआरटी उत्तराखण्ड के प्रवक्ता एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अजय कुमार चौरसिया तथा डॉ. रंजन भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विभिन्न सत्रों का समन्वय करते हुए शैक्षणिक विमर्श, समूह गतिविधियों एवं अनुभव साझा करने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित किया।
स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के संस्था प्रमुख डॉ. एंटनी नेलिसरी ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के बीच सहयोगात्मक अधिगम को बढ़ावा देना और उत्तराखण्ड के लिए एक प्रभावी एवं व्यवहारिक मॉनिटरिंग-मेंटoring प्रणाली विकसित करना है। प्रशिक्षण प्रमुख नीरुपमा शर्मा ने प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि कार्यशाला से प्राप्त सीख शिक्षक शिक्षा संस्थानों में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने कार्यशाला के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं विकसित किए गए साझा मॉनिटरिंग टूल का अपने-अपने जनपदों में प्रभावी उपयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वराज तोमर, संजीव जोशी, डॉ. वीर सिंह रावत, दीपक रतूड़ी, राजेंद्र बडोनी, देवेंद्र सिंह भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
डायट टिहरी में चार दिवसीय मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग कार्यशाला का समापन

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।




