Ad image

मेडिकल कॉलेज को पिफल्टी ले जाने की चर्चाओं पर टिहरी में भारी उबाल, बाजार बंद

Govind Pundir
5 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

नई टिहरी सुमन पार्क से जिला कार्यालय तक निकली जनाक्रोश रैली, एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन

टिहरी गढ़वाल 3 1 जुलाई। प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी से गजा क्षेत्र के पिफल्टी में स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच शुक्रवार को टिहरी में जनाक्रोश सड़कों पर उतर आया। मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय नई टिहरी में ही स्थापित किए जाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, व्यापारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग सुमन पार्क से जिला कार्यालय तक जनाक्रोश रैली में शामिल हुए।

रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज को किसी भी सूरत में टिहरी से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।

जनाक्रोश रैली के चलते नई टिहरी, बौराड़ी और बीपुरम बाजार पूरी तरह बंद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज टिहरी की वर्षों पुरानी मांग है और इसके लिए पूर्व में शासन स्तर से घोषणाएं होने के साथ ही निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई थी। ऐसे में अब स्थान परिवर्तन की चर्चाओं से क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है।
*टिहरी की जनता एकजुट, स्थान बदला तो आंदोलन होगा तेज
रैली में वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर टिहरी के सभी लोग एकजुट हैं। इसे जिला मुख्यालय से अन्यत्र ले जाने का किसी भी स्तर पर प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने कहा कि यदि सरकार ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का स्थान बदला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि टिहरी जैसे पर्वतीय जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध होंगे। ऐसे में जिला मुख्यालय से मेडिकल कॉलेज को बाहर ले जाने का निर्णय जनहित में नहीं होगा।
इणियां में शुरू हो चुकी थी प्रक्रिया
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2022-23 में नई टिहरी के इणियां क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शासन के निर्देशों के तहत टीएचडीसी द्वारा प्रारंभिक निर्माण संबंधी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी। वक्ताओं ने कहा कि दो-दो मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं के बावजूद अब मेडिकल कॉलेज को अन्यत्र ले जाने की चर्चाएं सामने आना क्षेत्र की जनता के लिए निराशाजनक है।
उन्होंने कहा कि टिहरी की जनता लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर संघर्षरत रही है। अब जब इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी तो स्वास्थ्य मंत्री जी इसे अपनी विधानसभा में ले जाना चाहते हैं जो टिहरी की जनता के साथ अन्याय है।
एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन
जनाक्रोश रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी में ही स्थापित करने तथा पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप इसके निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की गई। समिति ने सरकार से मामले में शीघ्र स्पष्ट स्थिति सामने रखने और मेडिकल कॉलेज निर्माण के संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि मेडिकल कॉलेज को टिहरी से बाहर ले जाने का प्रयास किया गया तो क्षेत्र की जनता को 16 अगस्त से व्यापक आंदोलन और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
* ये रहे मौजूद
रैली में संघर्ष समिति संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, नगर पालिका टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, नई टिहरी व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह, महामंत्री मनोज चमोली, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष शांति भट्ट, राकेश राणा, पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सूरज राणा, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, महिपाल नेगी, सुंदर लाल उनियाल, गंगाभगत सिंह नेगी, भूपेंद्र चौहान, शिवराज सिंह सजवाण, संदीप रावत, राहुल बुटोला, जीत राम भट्ट, राजीव रावत, नवीन सेमवाल, अनीता रावत, ममता उनियाल, मुशर्रफ अली, वीसी नौटियाल, चंडी प्रसाद डबराल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!