(गजा से डी.पी. उनियाल)।
टिहरी गढ़वाल 27 जुलाई। विकासखंड चम्बा के मखलोगी, धार अकरिया, फकोट, क्वीली और पालकोट क्षेत्र सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों में आयोजित बैठकों में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन पर क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि चयनित भूमि देवप्रयाग, नरेंद्रनगर और टिहरी तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मध्य स्थित होने के कारण विकासखंड चम्बा, हिंडोलाखाल और जाखणीधार के सैकड़ों गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल उपचार सुविधाएं सुलभ होंगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी और पलायन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान एवं पूर्व अध्यक्ष मीना खाती ने कहा कि पूर्व में प्रस्तावित स्थान से मात्र करीब पांच किलोमीटर आगे यह भूमि चयनित की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को अधिक लाभ मिलेगा। भाजपा के पूर्व जिला मंत्री गजेंद्र सिंह खाती तथा मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान ने कहा कि चाका, रणाकोट, पोखरी, लसेर सहित आसपास के गांवों के लोगों को भी मेडिकल कॉलेज की सुविधा नजदीक मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए ऋषिकेश पहुंचने में तीन घंटे से अधिक समय लग जाता है।
जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती और जोत सिंह असवाल ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा के सिमलासू, जामटी, भदली, अमिल्डा, चाका, पौड़ीखाल और रौडधार जैसे क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। मेडिकल कॉलेज बनने से इन ग्रामीण इलाकों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का विरोध करने वाले लोग दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना तीनों विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीणों के हित में है और इसे राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।
व्यापार सभा गजा के पूर्व अध्यक्ष विनोद चौहान और भाजपा गजा मंडल महामंत्री सुनील सिंह ने क्षेत्र के विकास के लिए सभी दलों से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया। वहीं नकोट-मखलोगी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीणों के हितों की रक्षा के लिए वे संगठित होकर अपनी जायज मांग प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे।
बैठक के अंत में ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा चौहान, देवेंद्र रावत, प्रधान फ्योंला देवी, सुरेश कोठारी, मंजू देवी, राधिका नेगी, मदन लाल, भगवानी देवी, ममता चौहान, नंदनी चौहान, पूजा असवाल, बिशन देई, जयेंद्र सिंह, कुशबीर पुंडीर, अनिता नेगी, मान सिंह सजवाण, शूरबीर खत्री, बीरेंद्र सिंह चौहान, भाजपा महिला मोर्चा गजा मंडल अध्यक्ष प्रियंका चौहान, सभासद रंजना चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता मदन सिंह खड़वाल, दिनेश खाती, गिरवीर सिंह चौहान, सूरज सिंह असवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




