टिहरी गढ़वाल 16 अगस्त। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को एक बार फिर जनआक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। बौराड़ी स्टेडियम से ओपन मार्केट होते हुए गणेश चौक तक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
रैली गणेश चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज टिहरी की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। इसे जिला मुख्यालय से दूर ले जाने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गणेश चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
जनाक्रोश रैली के बाद गणेश चौक पर अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत भी कर दी गई। नागरिक मंच टिहरी के द्वारा शुरू किए गए धरने में आंदोलनकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आंदोलन को व्यापक समर्थन देने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि टिहरी जैसे पर्वतीय जिले में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहद आवश्यकता है। वर्तमान में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए देहरादून, ऋषिकेश अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
संघर्ष समिति के नेतृत्व में पहले भी हो चुका है प्रदर्शन
मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में इससे पूर्व भी नई टिहरी के सुमन पार्क से जिला कार्यालय तक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली जा चुकी है। समिति द्वारा लगातार सरकार से टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग की जा रही है। आंदोलनकारियों का कहना है कि मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
कई प्रमुख लोग रहे मौजूद
रैली में मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, नई टिहरी व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह, महामंत्री मनोज चमोली, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष शांति भट्ट, राकेश राणा, पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला, नरेंद्र चंद रमोला, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, महिपाल नेगी, गंगाभगत सिंह नेगी, भूपेंद्र चौहान, शिवराज सिंह सजवाण, संदीप रावत, राहुल बुटोला, जीत राम भट्ट, नवीन सेमवाल, सीमा कृशाली, अनीता रावत, ममता उनियाल, मुशर्रफ अली, वीसी नौटियाल, चंडी प्रसाद डबराल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का मुद्दा अब केवल किसी संगठन तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि यह टिहरी जिले की जनता की सामूहिक मांग बन चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा।





