स्थायी लोक अदालत से मिलेगा सस्ता और त्वरित न्याय, अधिकार मित्रों को दिया प्रशिक्षण

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 24 अगस्त। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने और आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल की ओर से अधिकार मित्रों (पैरा लीगल वालंटियर्स) के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिन शर्मा के आदेशानुसार किया गया।
सिविल जज (सीडी)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में सचिव दयाराम, स्थायी लोक अदालत के सदस्य लक्ष्मी प्रसाद उनियाल तथा रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने अधिकार मित्रों को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र एवं आम जनता के लिए इसकी उपयोगिता की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि स्थायी लोक अदालतों का उद्देश्य सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों का सरल, सस्ता और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। बिजली, पानी, डाक, टेलीफोन, सार्वजनिक परिवहन, अस्पताल, बैंकिंग एवं बीमा जैसी सेवाओं से जुड़े मामलों को इसके माध्यम से निस्तारित किया जा सकता है।
अधिकार मित्रों को प्री-लिटिगेशन व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया गया कि विवाद को न्यायालय में ले जाने से पहले स्थायी लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। यहां पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। सुलह नहीं होने की स्थिति में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले के गुण-दोष के आधार पर निर्णय भी दिया जा सकता है।
सचिव दयाराम ने अधिकार मित्रों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे मामलों की पहचान करने का आह्वान किया, जिन्हें स्थायी लोक अदालत के माध्यम से हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों को अनावश्यक रूप से न्यायालयों के चक्कर लगाने के बजाय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकार मित्र समाज के गरीब, असहाय और वंचित वर्ग को उनके अधिकारों की जानकारी देकर न्याय की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य ‘न्याय सबके लिए’ की भावना को मजबूत करते हुए आमजन को सुलभ, सरल और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!