टिहरी गढ़वाल 11 अगस्त। टिहरी बांध विस्थापित, प्रभावित एवं पुनर्वासित जन संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश डोभाल ने सोमवार देर शाम केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपद नायक तथा टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह से मुलाकात कर टिहरी बांध परियोजना से जुड़ी लंबित समस्याओं और टिहरी झील से प्रभावित क्षेत्रों की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय जनता द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन एवं सत्याग्रह की भी जानकारी दी।
डोभाल ने दोनों नेताओं को अलग-अलग मांगपत्र सौंपते हुए बांध प्रभावितों एवं पुनर्वासित क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी एवं स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध परियोजना को देशहित में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रभावित परिवार आज भी कई मूलभूत एवं पुनर्वास संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहीं, टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर भी क्षेत्रीय जनता लंबे समय से आंदोलनरत है।
केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपद नायक ने मांगपत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट तलब करने तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने टिहरी बांध परियोजना से जुड़ी अवशेष समस्याओं के निराकरण के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजने का भरोसा दिलाया। उन्होंने टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण के मुद्दे को लोकसभा में प्रमुखता से उठाने का भी आश्वासन दिया।
समिति अध्यक्ष दिनेश डोभाल ने कहा कि टिहरी की जनता की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा और बांध प्रभावितों के अधिकारों तथा टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
टिहरी बांध की लंबित समस्याओं और मेडिकल कॉलेज के मुद्दे को लेकर ऊर्जा राज्यमंत्री से मिले दिनेश डोभाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह को सौंपा मांगपत्र

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।




