टिहरी गढ़वाल 6 अगस्त। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड चंबा के सुमन कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की शिक्षा, पोषण और केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति व पोषण अभिलेखों का अवलोकन करते हुए बच्चों के नियमित वजन परीक्षण और गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद किया, ब्लैकबोर्ड पर अंग्रेजी वर्णमाला का अभ्यास कराया तथा उनकी प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता परखी। बच्चों की पुस्तकों का अवलोकन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी उपस्थित रहीं।





