टिहरी गढ़वाल 20 अगस्त । राजकीय इंटर कॉलेज रानीचौरी में प्रधानाचार्य दिवाकर प्रसाद अंथवाल के नेतृत्व में ‘Near to Nature’ अभियान के साथ ‘Know Your Students (KYS)’ शोध आधारित नवाचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी श्रीमती कमला बड़वाल ने KYS नवाचार की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के विद्यालयों के लिए एक उपयोगी टूल अथवा मॉड्यूल के रूप में विकसित किए जाने की संभावना जताई।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। इस दौरान वृक्षारोपण एवं प्लास्टिक मुक्ति अभियान भी चलाया गया।
प्रधानाचार्य दिवाकर प्रसाद अंथवाल ने बताया कि KYS का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को व्यक्तिगत रूप से समझना और उसकी क्षमता, रुचि, व्यवहार एवं संस्कारों के अनुरूप उसे उचित शैक्षिक एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यार्थियों से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर शोध आधारित जानकारी तैयार की जा रही है।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध पर्यावरणविद् अनिल जोशी ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीमती कमला बड़वाल ने विद्यालय के KYS नवाचार की प्रशंसा करते हुए कहा कि रानीचौरी में किया जा रहा यह प्रयास प्रदेशभर के विद्यालयों के लिए एक प्रभावी टूल अथवा मॉड्यूल के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उनकी व्यक्तिगत क्षमता और रुचियों को पहचानना शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने भी विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए ऐसे नवाचारों को अन्य विद्यालयों में लागू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय को प्लास्टिक मुक्त, हरित एवं संस्कारयुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पूर्व गढ़वाल मंडल मंत्री डॉ. हेमंत पैन्यूली, कुलदीप रावत, वीएम व्यास, एसपी जोशी, दिनेश सकलानी, नरेश भट्ट, प्रियंका भंडारी सहित विद्यालय के शिक्षक, कार्यालय कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




