Ad image

टिहरी मेडिकल कॉलेज पर बड़ी खबर: जल्द कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव, विधायक किशोर उपाध्याय बोले— CM धामी पर पूरा भरोसा

Govind Pundir
6 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

बोले विधायक— टिहरी की जनता की भावना का होगा सम्मान

टिहरी गढ़वाल 3 अगस्त। टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर चल रहे गतिरोध के बीच टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बड़ा बयान देकर मामले में नई उम्मीद जगा दी है। विधायक ने कहा है कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव शीघ्र ही प्रदेश मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि सरकार टिहरी की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी।
मेडिकल कॉलेज को लेकर अपने बयान में विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि यह विषय राजनीति का नहीं, बल्कि टिहरी के लोगों की जिंदगी और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि टिहरी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना बेहद जरूरी है।

विधायक ने कहा कि टिहरी की जनता ने जनाक्रोश रैली के माध्यम से अपनी भावना स्पष्ट कर दी है। अब सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि जनता की इस आवाज को सकारात्मक रूप से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के मामले में जल्द निर्णय की दिशा में कदम बढ़ाएं।

किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का विचार कोई नया नहीं है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस संबंध में प्रयास होते रहे हैं। उनके अनुसार वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री से उन्होंने मेडिकल कॉलेज की घोषणा करवाने का प्रयास किया था। इसके बाद वर्ष 2011 में भी उन्होंने इस मुद्दे को लेकर प्रयास किए। बाद में उनके प्रयास से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए 400 बेड का अस्पताल और 100 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी शासन स्तर पर कदम बढ़े। जमीन के चयन को लेकर अधिकारियों की बैठकें हुईं और विभिन्न स्तरों पर इस संबंध में प्रक्रिया आगे बढ़ी।
*‘मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव आगामी कैबिनेट के एजेंडे में सबसे पहले आना चाहिए’*
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से टिहरी में मेडिकल कॉलेज को लेकर पूर्व में घोषणा की गई है। साथ ही केंद्रीय ऊर्जा मंत्री की ओर से भी टिहरी में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की आवश्यकता और स्थापना को लेकर घोषणा की गई है। ऐसे में अब इसे धरातल पर उतारना सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि “अगली कैबिनेट बैठक में टिहरी के मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव सबसे पहले एजेंडे में आना चाहिए।” उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस दिशा में निर्णय लेगी।
* स्थान को लेकर विवाद पर भी बोले विधायक *
मेडिकल कॉलेज के स्थान को लेकर उठे विवाद पर किशोर उपाध्याय ने कहा कि इस मुद्दे को आपसी विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज लगभग हर विधानसभा क्षेत्र से मेडिकल कॉलेज की मांग उठ रही है , मेरा तो यही अनुरोध है कि भाई पहले टिहरी का मेडिकल कॉलेज तो बनने दो जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री जी पहले ही कर चुके हैं।
उन्होंने अपील की कि टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर सभी पक्ष आपसी मतभेद दूर करें और सकारात्मक माहौल में समाधान की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि पहले टिहरी में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना सुनिश्चित हो, इसके बाद भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी संस्थान विकसित किए जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे का भी किया जिक्र
किशोर उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टिहरी दौरे की संभावना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भी उन्हें उम्मीद है कि टिहरी के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को गति मिलेगी।
विधायक ने कहा कि टिहरी बांध, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे विषयों को लेकर सरकार को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देहरादून अथवा अन्य मैदानी क्षेत्रों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि टिहरी की जनता लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की उम्मीद लगाए बैठी है और अब इस मांग को पूरा करने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना से न केवल टिहरी बल्कि आसपास के पर्वतीय जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी पैदा होंगे।
अब निगाहें आगामी कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। यदि टिहरी मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव कैबिनेट में आता है और उसे मंजूरी मिलती है, तो यह टिहरी के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जाएगा।

पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र डोभाल व विधायक प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!