चंद्रकुंवर बर्तवाल जयंती पर गोष्ठी आयोजित, निर्धन छात्र-छात्राओं को मिली प्रवेश शुल्क सहायता

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 20 अगस्त। राजकीय महाविद्यालय तेगड़ (लोस्तु, बडियारगढ़) में हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्तवाल की जयंती के अवसर पर हिंदी विभाग की ओर से गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुबोध कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने चंद्रकुंवर बर्तवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोष्ठी में हिंदी विभाग की प्राध्यापक डॉ. सृजना राणा ने चंद्रकुंवर बर्तवाल के जीवन, साहित्यिक योगदान और उनकी रचनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बर्तवाल का साहित्य उत्तराखंड की प्रकृति, लोकजीवन और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त प्रतिबिंब है।
इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने महाविद्यालय के निर्धन छात्र-छात्राओं को प्रवेश शुल्क के लिए सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया। विधायक की पहल पर ज्येष्ठ प्रमुख कीर्तिनगर जगत नारायण रतूड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग ममता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जयपाल राणा, नरेंद्र सिंह कुंवर और जितेंद्र सिंह रावत ने भी निर्धन छात्र-छात्राओं को प्रवेश शुल्क के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी विभाग की प्राध्यापक डॉ. सृजना राणा द्वारा अनूदित पुस्तक ‘देह के पार’ का विमोचन भी किया गया। यह पुस्तक नरेंद्र कठैत के गढ़वाली निबंधों का हिंदी अनुवाद है। पुस्तक के माध्यम से गढ़वाली साहित्य को हिंदी पाठकों तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की गई।
गोष्ठी के सफल आयोजन में डॉ. दिनेश सिंह नेगी, डॉ. राजेश भट्ट, श्रीमती कविता बिष्ट, श्री लक्ष्मण बिष्ट और श्री संदीप सिंह नेगी ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!