टिहरी गढ़वाल 20 अगस्त। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 के अंतर्गत गुरुवार को प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, तर्कशीलता और डिजिटल दक्षता विकसित करने के साथ ही विकसित भारत @2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला के प्रथम चरण में नीति हैकाथॉन एवं विचार प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य वक्ता मानव विज्ञान विभाग की डॉ. रजनी गुसाईं ने “2047 के विकसित भारत की कल्पना” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विकसित भारत की संकल्पना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल, नवाचार एवं रचनात्मक क्षमता का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण, कौशल विकास, रोजगारपरकता, डिजिटल अधिगम, अनुसंधान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सतत विकास तथा समान एवं समावेशी शिक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शैक्षिक चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लेकर अपने विचार साझा किए।
इसके बाद नीति हैकाथॉन प्रश्नोत्तरी एवं विचार प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रश्नोत्तरी में डिजिटल अधिगम, अनुसंधान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रोजगारपरक कौशल विकास, सतत विकास तथा समावेशी शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में एमएससी तृतीय सेमेस्टर के उदित नौटियाल ने प्रथम, बीएससी तृतीय सेमेस्टर की आईशा रांगड़ ने द्वितीय तथा बीएससी तृतीय सेमेस्टर की कामिनी रतूड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. ऋचा पंत, डॉ. शुभम गोस्वामी एवं डॉ. उर्वशी कश्यप शामिल रहे।
कार्यशाला के दूसरे चरण में डिजिटल पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता ‘Envisioning Education @2047’ आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने “वर्ष 2047 में भारत की शिक्षा व्यवस्था : मेरी परिकल्पना” विषय पर डिजिटल माध्यम से आकर्षक पोस्टर तैयार कर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने सतत विकास, डिजिटल अधिगम एवं रोजगारपरक कौशल विकास को भविष्य की शिक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार के रूप में रेखांकित किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी पंचम सेमेस्टर की अनीता भंडारी ने प्रथम, एमएससी तृतीय सेमेस्टर के प्रदीप सिंह भंडारी ने द्वितीय तथा बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की रंजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. राजकुमार त्यागी, प्रो. डीपीएस भंडारी एवं डॉ. रजनी गुसाईं रहे।
कार्यशाला के समापन अवसर पर डॉ. जयेंद्र सजवाण एवं डॉ. पुष्पा पवार ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी युवा प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी ज्ञान, तर्क एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यशाला ने विद्यार्थियों को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जोड़ने के साथ शिक्षा, कौशल, नवाचार, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का सक्रिय सहयोग रहा।
विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से विद्यार्थियों को जोड़ा, पीजी कॉलेज नई टिहरी में कार्यशाला आयोजित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



