खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण, 8 खाद्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल,  21 अगस्त 2026 । आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड विनय शंकर पांडे के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी टिहरी के मार्गदर्शन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं एनालॉग पनीर तथा गैर-दुग्ध उत्पादों के अनधिकृत प्रयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद टिहरी की टीम द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

विशेष अभियान के तहत बद्रीनाथ मार्ग स्थित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंटों में संचालित किचन एवं स्टोर का निरीक्षण कर खाद्य निर्माण में प्रयुक्त दुग्ध पदार्थों के वास्तविक स्रोत, अन्य कच्चे माल की खरीद एवं बिल, निर्माण प्रक्रिया में प्रयुक्त सामग्री, उत्पादों की लेबलिंग एवं पैकेजिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं आवश्यक घोषणाओं की जांच की गई। साथ ही किचन में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अलोहा, रोजैट एवं होटल ताज सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के किचन एवं स्टोर में खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति, FIFO प्रणाली के अनुपालन, खाद्य निर्माण में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट तथा किचन में कार्यरत कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण संबंधी अभिलेखों की भी जांच की गई। प्रतिष्ठान संचालकों को किचन में स्वच्छता बनाए रखने तथा FIFO प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान दाल, आटा, पोहा, सब्जी, चीनी, मैदा एवं बेकरी उत्पाद सहित कुल 8 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान का नेतृत्व उपायुक्त, गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत ने किया। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद टिहरी प्रमोद रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!