टिहरी गढ़वाल 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस-2026 की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में नगरपालिका परिषद टिहरी की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगरपालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति में सभासदों, नामित सदस्यों एवं पालिका कर्मचारियों ने मुख्य मार्ग पर छमुंड हैंडपंप के समीप स्थित सार्वजनिक पार्क तथा सड़क किनारे व्यापक सफाई की।
अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वॉलंटियरों ने भी सहभागिता की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा-कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने नगरवासियों से अपील की कि सार्वजनिक सड़कों, पार्कों, नालियों, नालों तथा जलस्रोतों के आसपास कूड़ा न डालें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में पालिका का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकता हुआ दिखाई देता है तो उसकी सूचना फोटो सहित नगरपालिका को उपलब्ध कराएं, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर की जिम्मेदारी केवल नगरपालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से टिहरी नगर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर सभासद विनीत उनियाल, मानवेंद्र रावत, नामित सभासद पंचम तोपवाल, गुरु प्रसाद चमोली, पवन शाह, उर्मिला राणा सहित अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल, प्रधान सहायक मनोज राणा, वरिष्ठ सहायक शिव सिंह सजवान, सहायक लेखाकार सागर गुप्ता, अवर अभियंता रविंद्र सिंह पड़ियार, सुनील कोठियाल, प्रवीण सिंह भंडारी, सिटी मिशन मैनेजर अरविंद मोहन जोशी, सफाई निरीक्षक आशीष तोपवाल, सफाई पर्यवेक्षक आशीष, लाविका नेगी, अनुज गुनसोला, प्रदीप रावत, वाहन प्रभारी तेग सिंह रावत, परमवीर चौहान एवं सुनील भंडारी सहित पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





