Ad image

चाह-गडोलिया के जनसंवाद में ग्रामीणों ने उठाए क्षेत्र की अनदेखी के सवाल, पूर्व मंत्री धनाई ने सीएम से मुलाकात का दिया भरोसा

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 10 अगस्त । जाखणीधार ब्लॉक के चाह-गडोलिया गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और भूमि मुआवजे से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिम्मेदार विभागों पर सवाल उठाए। रेंगली-सैण-अखोड़ीसैण मोटर मार्ग का निर्माण, गडोलिया सड़क के दबान का दो साल से लंबित मुआवजा, टिपरी-चाह सड़क का डामरीकरण और पेयजल बिलों की विसंगतियां ग्रामीणों के प्रमुख मुद्दे रहे।
गडोलिया (तिबारी) प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान विनोद सिंह गुसाईं की अध्यक्षता में हुए जनसंवाद में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कहा कि रेंगली-सैण-अखोड़ीसैण मोटर मार्ग की मांग लंबे समय से की जा रही है। सड़क निर्माण के लिए भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाणपत्र तक विभाग को उपलब्ध कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद लोनिवि की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को कोश्यार तहसील जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
दो साल से मुआवजे का इंतजार
ग्रामीण बलवीर सिंह गुसाईं ने कहा कि गडोलिया सड़क के दबान में आई ग्रामीणों की भूमि का मुआवजा करीब दो वर्ष से लंबित है। ग्रामीण विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने तत्काल मुआवजा जारी करने की मांग की।
223 रुपये के पेयजल बिल पर सवाल
ग्रामीण नारायण सिंह रावत ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल कनेक्शन और वर्तमान बिल व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक रुपये में कनेक्शन देने के बाद अब 223 रुपये प्रतिमाह का बिल लिया जा रहा है, जबकि ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित पेयजल योजनाओं में करीब 50 रुपये मासिक बिल है। उन्होंने कहा कि जो ग्रामीण छह माह या वर्षभर में कभी-कभार गांव आते हैं, उन्हें भी पूरे साल का बिल देना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिल व्यवस्था को तर्कसंगत बनाने की मांग की।
ग्रामीणों ने टिपरी-चाह मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि सड़क की खराब स्थिति से आवागमन में लगातार परेशानी हो रही है।
“पहले पैरवी हुई होती तो समस्याएं सुलझ गई होतीं”
पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में यदि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पैरवी की गई होती तो अधिकांश समस्याओं का निराकरण हो चुका होता। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर शीघ्र मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी और संबंधित स्तर पर प्रभावी पैरवी कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
जनसंवाद में उप प्रधान नरेश सिंह कुमाईं, सत्ये सिंह गुसाईं, प्रताप सिंह राणा, कैलाश राणा, भगतराम नौटियाल, ललिता प्रसाद, मुंशी सिंह गुसाईं, मुरारी लाल, चंदन सिंह, मनोज राणा, गुरु प्रसाद, गबर सिंह, धुरी लाल, कमला देवी, मथुरा देवी, सीता देवी, ऐला देवी, गीता देवी, लक्ष्मी देवी, प्यारचंद, लक्ष्मी देवी गुसाईं, ज्योति प्रसाद चमोली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!