गंगोत्री से पैदल निकला था रूसी नागरिक, रास्ता भटककर पहुंचा जंगल में
सोशल मीडिया से मिली सूचना पर टिहरी पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
टिहरी गढ़वाल । बूढ़ा केदार क्षेत्र के मेड मारवाड़ी के जंगल में रास्ता भटके एक विदेशी नागरिक को टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशी नागरिक के जंगल में फंसे होने की सूचना मिलने पर एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हुई।
स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस संभावित स्थानों पर तलाश कर रही थी। इसी दौरान विदेशी नागरिक के मेड स्थित हरे कृष्णा आश्रम पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल आश्रम पहुंचकर उसे अपने संरक्षण में लिया।
पूछताछ में विदेशी नागरिक की पहचान इवान ओग्लेजनेव (Ivan Ogleznev), निवासी रूस के रूप में हुई। उसने बताया कि वह गंगोत्री से पैदल निकला था और रास्ता भटककर बूढ़ा केदार के जंगल में पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार विदेशी नागरिक सुरक्षित और स्वस्थ है। दस्तावेजों की जांच में उसके वीजा की वैधता 19 दिसंबर 2024 को समाप्त होना पाया गया है। पुलिस उसे थाने ला रही है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




