टिहरी गढ़वाल 25 मई 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल, नई टिहरी के प्रबंधन के साथ बैठक कर अभिभावकों की ओर से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से चर्चा की। बैठक में विद्यालय शुल्क, विभिन्न गतिविधियों के नाम पर लिए जाने वाले अतिरिक्त शुल्क तथा अभिभावकों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान अभिभावकों द्वारा फीस संबंधी उठाए गए विषयों पर विद्यालय प्रबंधन से जवाब-तलब करते हुए जिलाधिकारी ने पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए लिए जाने वाले शुल्क को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई, ताकि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक भार न पड़े।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय प्रशासन अभिभावकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुने तथा उनका समयबद्ध और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विद्यालय प्रबंधन शिकायत निवारण प्रणाली को प्रभावी बनाए और अभिभावकों को नियमित रूप से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराए, जिससे किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान तथा ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक जॉस टी. जे. उपस्थित रहे।




