चण्डीगढ़, 11 सितंबर। नृसिंह भक्ति सेवा संस्थान भारतवर्ष की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक आदरणीय मोहन भागवत जी को उनके 76वें जन्मदिन के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं।
इस अवसर पर सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने मोहन भागवत जी को भगवान नृसिंह देव का चित्र भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और समाज में एकता एवं संस्कारों के प्रसार के लिए मोहन भागवत जी का मार्गदर्शन समाज को निरंतर प्रेरणा प्रदान करता है।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि भारत की महान शक्ति उसकी सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता में निहित है। हमें अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को सशक्त, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने भगवान नृसिंह देव से प्रार्थना करते हुए कहा कि मोहन भागवत जी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान हो तथा उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में समाज में राष्ट्रभाव, संस्कार और एकता की भावना और अधिक मजबूत हो।
इस अवसर पर नृसिंह भक्ति सेवा संस्थान भारतवर्ष के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी मोहन भागवत जी के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।




