दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी, छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति व फेरबदल
नई दिल्ली। राष्ट्रपति ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति एवं फेरबदल को मंजूरी दी है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। वहीं, उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।
ओम प्रकाश माथुर को केरल, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु, ब्रज मोहन राम को ओडिशा और डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. बिसेन को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी।
जन्म एवं शिक्षा
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ। उनके पिता का नाम सेवकराम बिसेन और माता का नाम सोनाबाई बिसेन है। उन्होंने रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक कॉलेज से चिकित्सा संबंधी शिक्षा प्राप्त की। उनके लोकसभा परिचय में आयुर्वेद विज्ञानाचार्य तथा आधुनिक चिकित्सा, सर्जरी, ट्रॉमा और बायोकेमिस्ट्री से संबंधित योग्यताओं का उल्लेख है। उनका पेशा चिकित्सा और कृषि रहा है।
राजनीतिक सफर
डॉ. बिसेन भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वर्ष 2019 में बालाघाट संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और 17वीं लोकसभा के सदस्य बने। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य किया।




