राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन चंबा में भव्य परेड, एसएसपी श्वेता चौबे सहित सात पुलिसकर्मी सम्मानित

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

आईजी राजीव स्वरूप ने ग्रहण किया मान प्रणाम, टिहरी पुलिस की कार्यशैली और उपलब्धियों की सराहना की

टिहरी गढ़वाल । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पुलिस लाइन चंबा में गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य परेड में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में मान प्रणाम ग्रहण किया। परेड में पुलिस जवानों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक के सिल्वर एवं गोल्ड डिस्क से सम्मानित जनपद के सात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आईजी राजीव स्वरूप ने पदक प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में एसएसपी श्वेता चौबे को धराली आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए सिल्वर डिस्क, पुलिस उपाधीक्षक महेश कुमार लखेड़ा और मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार को दीर्घकालीन उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सिल्वर डिस्क, प्रभारी निरीक्षक देवप्रयाग कृष्णकांत आर्य को साइबर क्राइम सेल में सराहनीय कार्यों के लिए सिल्वर डिस्क तथा उपनिरीक्षक शिवशंकर उनियाल को 37 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गोल्ड डिस्क प्रदान की गई।
इसके अलावा आरक्षी रविन्द्र सिंह नेगी को मुनिकीरेती क्षेत्र में छह किलो चरस बरामद करने तथा महिला आरक्षी अनामिका को साइबर पोर्टल संचालन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में आईजी राजीव स्वरूप ने पुलिसकर्मियों से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने एसएसपी श्वेता चौबे के नेतृत्व में गौरा शक्ति, साइबर अपराध नियंत्रण और नशामुक्ति अभियान सहित विभिन्न क्षेत्रों में टिहरी पुलिस के कार्यों की सराहना की।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चंद्र मोहन सिंह, पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा, पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार, प्रतिसार निरीक्षक अमित कुमार सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!