टिहरी गढ़वाल , 7 अक्टूबर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की तीन दिवसीय 24वीं राज्य स्तरीय शरदकालीन कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुनिकीरेती में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में प्रदेश के सभी 13 जिलों की 39 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन सिखाता है। खिलाड़ियों को हार-जीत से अधिक खेल भावना और सहभागिता को महत्व देना चाहिए। उन्होंने आयोजन में नगर पालिका की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उद्घाटन समारोह में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्णानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजीत पाल रौथाण, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक विजयपाल सिंह रावत, खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्रनगर दीप्ति, पूर्व अपर शिक्षा निदेशक शिव प्रसाद सेमवाल सहित विभिन्न जिलों से आए दल प्रभारी, प्रशिक्षक, निर्णायक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में चमोली ने पिथौरागढ़ को 48-21 से तथा टिहरी ने अल्मोड़ा को 36-31 से हराया। अंडर-17 में टिहरी ने चमोली को 28-16 से पराजित किया। अंडर-19 वर्ग में उत्तरकाशी ने बागेश्वर को 28-16 और रुद्रप्रयाग ने चंपावत को 50-6 से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला समन्वयक विनोद नेगी, प्रांतीय अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा, अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनोज नेगी, ब्लॉक समन्वयक सुरेंद्र चौधरी सहित कमल नयन रतूड़ी, राजेंद्र प्रसाद डोभाल, राजपाल नेगी, दाताराम भट्ट, यशपाल रावत, दर्शन गुसाईं, शमशेर आदि व्यायाम शिक्षकों का सहयोग रहा। प्रतियोगिता की जानकारी मीडिया प्रभारी चक्रधर प्रसाद भद्री ने दी।




