यूकेडी उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर लड़ेगी चुनाव: डीडी पंत

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

कुर्सी चुनाव चिह्न की वापसी से कार्यकर्ता उत्साहित, किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी पार्टी

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने और किसी भी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं करने का ऐलान किया है। पार्टी को उसका पुराना चुनाव चिह्न ‘कुर्सी’ वापस मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

शनिवार को नई टिहरी प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूकेडी के जिलाध्यक्ष डीडी पंत ने कहा कि कुर्सी चुनाव चिह्न पार्टी की पुरानी पहचान रहा है। वर्ष 2012 में चुनाव चिह्न फ्रीज होने के बाद पार्टी को चुनाव लड़ने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब चुनाव चिह्न वापस मिलने से कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी विधानसभा चुनाव में इसका पार्टी को लाभ मिलेगा।

डीडी पंत ने कहा कि यूकेडी पिछले दो वर्षों से लगातार जन मुद्दों को लेकर सक्रिय है और जमीनी स्तर पर काम कर रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय दलों की नीतियों से जनता का मोहभंग हो रहा है और प्रदेश में यूकेडी के प्रति लोगों की संवेदनशीलता बढ़ी है। पार्टी को इसका लाभ आगामी चुनाव में मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने टिहरी विधानसभा सीट से स्वयं चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कहते हुए बताया कि क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुसार, जनता का सहयोग मिल रहा है और पार्टी संगठन को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पार्टी में आपसी खींचतान के सवाल पर पंत ने इसे सामान्य मनमुटाव बताते हुए कहा कि यूकेडी पूरी तरह मजबूत है और अपने लक्ष्यों को लेकर काम कर रही है। वहीं, 20 करोड़ रुपये से जुड़े मामले पर उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि बिना सबूतों के बातें कही जा रही हैं।

पत्रकार वार्ता में यूकेडी के पुरुषोत्तम पंत, ललिता देवी, सुरेंद्र तोपवाल, सोबन लाल, राजेंद्र प्रसाद नौटियाल और धीरज भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!