महिला कल्याण समिति राजेश्वर नगर की मातृशक्ति ने नृसिंह वाटिका आश्रम पहुंचकर लिया आशीर्वाद, समाज जागरण का लिया संकल्प
इस अवसर पर सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने मातृशक्ति को समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। जब नारी जागृत होती है, तो परिवार जागृत होता है, समाज जागृत होता है और अंततः पूरा युग परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ता है।
महाराज श्री ने कहा कि नारी शक्ति के भीतर संस्कार, ममता, त्याग, साहस और नेतृत्व की अद्भुत क्षमता विद्यमान है। आवश्यकता है कि इस शक्ति को सही दिशा, सम्मान और अवसर प्रदान किए जाएं। यदि मातृशक्ति स्वयं जागृत होकर समाज को जागृत करने का बीड़ा उठा ले, तो युग परिवर्तन अपने आप होने लगेगा।
स्वामी रसिक महाराज ने एक प्रभावशाली प्रेरणादायक गीत के माध्यम से उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित किया और नारी सम्मान, सामाजिक जागरण तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।
महिला कल्याण समिति की सदस्यों ने महाराज श्री के विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन, महिला सशक्तीकरण और नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और नारी शक्ति के सम्मान के संकल्प से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष श्रीमती कान्ति जोशी, सुबोधनी जुयाल, सरोज डोभाल, संतोष कुकरेती, भगवती रावत, साध्वी माँ देवेश्वरी , अमन जुयाल उपस्थित रहे।




